Latest news

Saturday 25 May 2013

पांच लाख के लिए मिल रही थी धमकी, इतना परेशान हो गया कि खा लिया जहर

पांच लाख के लिए मिल रही थी धमकी, इतना परेशान हो गया कि खा लिया जहर 


उदयपुर। नाई थाना क्षेत्र के छोटा हवाला गांव में गुरुवार को एक ग्रामीण ने जहर खा लिया। वह एक अन्य ग्रामीण की धमकियों से परेशान था, जो उसे दहेज प्रताड़ना के मामले में फंसाने के नाम पर पांच लाख रुपए मांग रहा था।
घटना क्रम के अनुसार छोटा हवाला निवासी चंदन सिंह गमेती (48) ने शाम चार बजे के आसपास जहर खा लिया।
 
 
परिजन उसे नाई के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। हालत बिगड़ने पर डॉक्टर ने एमबी हॉस्पिटल भिजवा दिया। रात साढ़े 11 बजे उसे यहां लाया गया। चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर बताई है। चंदन सिंह के बयान के आधार पर पुलिस ने गांव के ही शंकर सिंह गमेती के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
 
 
यह थी तनाव की जड़
चंदन सिंह के मुताबिक उसके बेटे विक्रम सिंह और बहू के बीच विवाद हो गया था। जाति पंचों के बीच मामला पहुंचा और उनके फैसले से दोनों अलग हो गए। पंचों ने वधू पक्ष को तीन लाख 81 हजार रुपए देना भी तय किया था। गांव वालों की मौजूदगी में यह रकम लड़की वालों को दे दी गई, लेकिन कुछ दिन बाद खुद को मौतबिर बताने वाले शंकर सिंह पुत्र लाल सिंह गमेती ने समझौता करवाने के नाम पर पांच लाख रुपए की मांग शुरू कर दी। रुपए नहीं देने पर वह दहेज प्रताड़ना के मामले में फंसाने की धमकियां दे रहा था।
 

No comments:

Post a Comment